रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण कर परिसर की बदहाल स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आधारभूत संरचना, आधुनिक उपकरणों, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों को मिल रही प्रशिक्षण सुविधाओं और रखरखाव का विस्तृत जायजा लिया तथा अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते हुए कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्रामीण और दूरदराज के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
सुरक्षा और आधुनिक उपकरणों पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट, मॉक ड्रिल और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने परिसर में उपलब्ध उपकरणों के रखरखाव और आवश्यक सुधार के भी निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप बेहतर माहौल में अभ्यास कर सकें।
खिलाड़ियों से की बातचीत, खुद भी साधा निशाना
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर प्रशिक्षण और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
