30.7 C
Kolkata
Saturday, July 4, 2026

प्रेम विवाह के तीन माह बाद नवविवाहिता का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, पति पर हत्या का आरोप

किशनगंज। सदर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव रेलवे ट्रैक से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खगड़ा वार्ड संख्या 31 निवासी जूही बेगम के रूप में हुई है। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रेम विवाह के तीन माह बाद हुई घटना

जानकारी के अनुसार, जूही बेगम ने करीब तीन महीने पहले खगड़ा वार्ड संख्या 2 निवासी तनवीर आलम से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों किराये के मकान में रह रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही जूही को प्रताड़ित किया जाने लगा था। स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शमशुल हुदा के अनुसार, शुक्रवार को ससुराल पक्ष के लोग जूही को मायके छोड़ गए थे। बाद में स्थानीय लोगों की पहल पर उसका पति उसे लेने मायके पहुंचा और अपने साथ ले गया। इसके कुछ ही देर बाद जूही का शव खगड़ा तीन नंबर रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर मिला।

दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दामाद पांच लाख रुपये दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

वहीं, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शमशुल हुदा ने आशंका जताई कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। उनका आरोप है कि पति ने जूही को ट्रेन के आगे धक्का दिया। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और रेल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख