33.2 C
Kolkata
Saturday, July 4, 2026

उपराष्ट्रपति ने भरा मतदाता सूची पुनरीक्षण फॉर्म, नागरिकों से चुनाव आयोग का सहयोग करने की अपील

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को उपराष्ट्रपति भवन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अपना गणना फॉर्म जमा किया। इस दौरान उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी कर चुनाव आयोग का सहयोग करने की अपील की।

मतदाता सूची को सटीक और पारदर्शी बनाने पर जोर

उपराष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और बूथ स्तर के अधिकारियों की टीम उपराष्ट्रपति भवन पहुंची, जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत गणना फॉर्म जमा कराया गया। यह अभियान दिल्ली में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का हिस्सा है।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी वीडियो संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा कि चुनाव आयोग की यह पहल लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है।

डबल एंट्री और मृत मतदाताओं के नाम हटाने की जरूरत

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित होना चाहिए। साथ ही, एक ही व्यक्ति के नाम का एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होना समाप्त किया जाना चाहिए और जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है, उनके नाम भी सूची से हटाए जाने चाहिए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बन सके।

उन्होंने कहा कि भारत जैसे सशक्त लोकतंत्र में निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनावों के लिए सटीक मतदाता सूची बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक प्रपत्र भरने और चुनाव आयोग के साथ सहयोग करने का आग्रह किया।

Related Articles

नवीनतम लेख