32.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

इज़राइल ने ‘आयरन बीम’ लेज़र सिस्टम का किया सफल परीक्षण, एयर डिफेंस को मिलेगी नई मजबूती

तेल अवीव। इज़राइल ने अपने बहुस्तरीय एयर डिफेंस नेटवर्क को और मजबूत करते हुए अपग्रेडेड आयरन डोम प्रणाली के साथ आयरन बीम लेज़र सिस्टम का सफल परीक्षण किया है। इज़राइली रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पहली बार आयरन बीम को ऑपरेशनल स्तर पर आयरन डोम के साथ सफलतापूर्वक एकीकृत किया गया, जिससे एक साथ कई तरह के हवाई खतरों से निपटने की क्षमता बढ़ी है।

यह परीक्षण इज़राइल मिसाइल डिफेंस ऑर्गनाइजेशन (आईएमडीओ), रक्षा मंत्रालय के डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट डायरेक्टरेट और राफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स के संयुक्त प्रयास से किया गया। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए परीक्षण से जुड़ी तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।

रॉकेट, ड्रोन और क्रूज़ मिसाइल से निपटने की क्षमता बढ़ी

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि नए अपग्रेड के बाद सिस्टम रॉकेट, क्रूज़ मिसाइल और मानव रहित विमान (यूएवी) जैसे मौजूदा और भविष्य के हवाई खतरों से अधिक प्रभावी ढंग से मुकाबला कर सकेगा। साथ ही तेज़ और बड़ी संख्या में होने वाले हमलों से निपटने के लिए भी इसमें कई तकनीकी सुधार किए गए हैं।

परीक्षण के दौरान आयरन बीम लेज़र सिस्टम को आयरन डोम के बैटल मैनेजमेंट सिस्टम के साथ सफलतापूर्वक जोड़ा गया। इससे भविष्य में ऑपरेशनल तैनाती का मार्ग और मजबूत होने की उम्मीद है।

मिसाइल और लेज़र के बीच तुरंत होगा चयन

नए इंटीग्रेशन के बाद कमांडर खतरे की प्रकृति, सिस्टम की उपलब्धता और लागत के आधार पर मिसाइल या लेज़र इंटरसेप्शन का तत्काल निर्णय ले सकेंगे। जहां तमिर इंटरसेप्टर मिसाइल की कीमत लगभग 50 हजार डॉलर बताई जाती है, वहीं आयरन बीम के एक लेज़र शॉट की लागत केवल कुछ डॉलर आंकी गई है। इससे एयर डिफेंस संचालन अधिक किफायती हो सकता है।

गौरतलब है कि आयरन डोम को वर्ष 2011 में इज़राइली वायु सेना में शामिल किया गया था। यह प्रणाली 4 से 70 किलोमीटर की दूरी तक आने वाले रॉकेट और अन्य हवाई खतरों को रोकने में सक्षम है और इज़राइल के बहुस्तरीय वायु रक्षा नेटवर्क का प्रमुख हिस्सा मानी जाती है।

क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों और उत्तरी सीमा पर ड्रोन हमलों के बढ़ते खतरे के बीच आयरन डोम और आयरन बीम का यह संयुक्त संचालन इज़राइल की वायु सुरक्षा को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख