सुपौल। वीरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ट्रैक्टर चालक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एसएच-91 स्थित सीतापुर पुल के समीप सड़क किनारे पेड़ से शव लटका देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के हृदयनगर पंचायत वार्ड संख्या-9 निवासी 45 वर्षीय मो. लतीफ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों का आरोप है कि परिवार में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद के कारण मो. लतीफ की हत्या की गई है। उनका कहना है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस बोली- जांच के बाद ही होगा खुलासा
स्थानीय समाजसेवी डॉ. देवेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मो. लतीफ और उनके भाइयों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में पंचायत भी हुई थी, लेकिन मो. लतीफ फैसले से संतुष्ट नहीं थे और मानसिक तनाव में रहते थे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह स्थानीय स्तर पर व्यक्त राय है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को पेड़ से शव लटका होने की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
