32.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

10 कट्ठा जमीन विवाद में घायल युवक की 13 दिन बाद मौत, एनएच जाम कर परिजनों ने की गिरफ्तारी की मांग

सुपौल। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया वार्ड-12 निवासी 33 वर्षीय रोशन कुमार की जमीन विवाद में गंभीर रूप से घायल होने के 13 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-327ई पर शव रखकर करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

जानकारी के अनुसार, 20 जून की रात रोशन कुमार विवादित 10 कट्ठा जमीन की ट्रैक्टर से जुताई कराने गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि हथियार से लैस लोगों ने उन्हें ट्रैक्टर से उतारकर फरसा समेत अन्य धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इलाज के दौरान रास्ते में हुई मौत

घटना के बाद पहले रोशन कुमार का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी ले जाया जा रहा था। इसी दौरान गुरुवार देर रात फुलपरास के समीप रास्ते में उनकी मौत हो गई।

शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एनएच-327ई जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर त्रिवेणीगंज थाना अध्यक्ष, सर्किल इंस्पेक्टर और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के समझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजा गया।

दोनों पक्षों की ओर से दर्ज हैं मामले

मृतक की मां लालो देवी के बयान पर त्रिवेणीगंज थाना में कांड संख्या 237/26 दर्ज किया गया है, जिसमें कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी कांड संख्या 236/26 दर्ज कर 17 नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

रोशन कुमार अपने पीछे पत्नी पिंकी भारती, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख