नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शुक्रवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य नए जनप्रतिनिधियों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं और सदन की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।
विधायकों को संसदीय कार्यप्रणाली का मिलेगा प्रशिक्षण
लोकसभा सचिवालय के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के वरिष्ठ संसदीय विशेषज्ञ, सांसद और विभिन्न राज्यों के पीठासीन अधिकारी नए विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे। इसमें प्रभावी विधायक की भूमिका, संसदीय परंपराएं, सदन का शिष्टाचार, प्रश्नकाल के माध्यम से कार्यपालिका की जवाबदेही, समिति प्रणाली, बजटीय एवं वित्तीय प्रक्रियाएं, निजी सदस्य विधेयक, संसदीय विशेषाधिकार, आचारनीति तथा ‘राष्ट्रीय ई-विधान अनुप्रयोग (नेवा)’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विस्तृत चर्चा और प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कई प्रमुख हस्तियां रहेंगी मौजूद
उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथीन्द्र बोस, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, राज्य के संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष, विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 4 जुलाई को पश्चिम बंगाल विधानसभा के सदन कक्ष में होगा। समापन सत्र को राज्यपाल आर.एन. रवि संबोधित करेंगे। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष तथा विधानसभा अध्यक्ष रथीन्द्र बोस भी अपने विचार रखेंगे। यह कार्यक्रम लोकसभा सचिवालय के पार्लियामेंटरी रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसीज़ (प्राइड) और पश्चिम बंगाल विधानसभा के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
