नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने के कारण उन्हें आधिकारिक रूप से प्रतिनिधि नामित किया गया है।
तेहरान के लिए विशेष उड़ान से होंगे रवाना
कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के प्रमुख सलमान खुर्शीद ने बताया कि वह विशेष उड़ान से तेहरान रवाना होंगे और अंतिम संस्कार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ईरानी अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है कि वह कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी की ओर से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
खुर्शीद ने बताया कि अंतिम संस्कार समारोह के लिए कई देशों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, लेकिन प्रतिनिधिमंडलों के आकार और सीटों की सीमाओं के कारण अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल में और कौन-कौन शामिल होंगे।
5 से 9 जुलाई तक होंगे अंतिम संस्कार के कार्यक्रम
ईरान ने भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को अंतिम संस्कार में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। भारत सरकार की ओर से विदेश राज्यमंत्री पवित्रा मार्गेरिटा तथा बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन भी तेहरान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धांजलि सभा तेहरान के इमाम खुमैनी मोसाला प्रार्थना हॉल में होगी, जबकि अंतिम यात्रा तेहरान और कोम में निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार का समापन 9 जुलाई को मशहद में होगा, जहां खामेनेई को इमाम रजा दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
