29 C
Kolkata
Tuesday, August 18, 2026

जाम्बिया के राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा दूसरे कार्यकाल के लिए निर्वाचित

लुसाका (जाम्बिया)। जाम्बिया के राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा को दूसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से निर्वाचित किया गया है। जाम्बिया के चुनाव आयोग ने मंगलवार सुबह इसकी घोषणा की। आयोग के अनुसार, हिचिलेमा ने 51 प्रतिशत से अधिक मत हासिल किए। राष्ट्रपति पद के लिए पिछले गुरुवार को मतदान हुआ था।

तुर्किये के अखबार येनी शफाक और सरकारी समाचार चैनल टीआरटी वर्ल्ड की चुनाव आयोग के हवाले से प्रसारित रिपोर्ट के अनुसार, 64 वर्षीय हिचिलेमा को 29,65,326 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी और नेशनल रेस्टोरेशन पार्टी फॉर यूनिटी एंड प्रोग्रेस के विपक्षी नेता ब्रायन मुंडुबिले को 18,56,217 मत प्राप्त हुए।

चुनाव आयोग की अध्यक्ष म्वांगाला जालौमिस ने परिणाम की घोषणा करते हुए कहा, “मैं 18 अगस्त, 2026 को हाकाइंडे हिचिलेमा को जाम्बिया गणराज्य का निर्वाचित राष्ट्रपति घोषित करती हूं।”

जीत के बाद हिचिलेमा ने देश के लोगों के भरोसे के लिए आभार जताया। उन्होंने फेसबुक पर कहा कि देश के सर्वोच्च पद को संभालने और एक बार फिर जनता के सेवक के रूप में काम करने का भरोसा मिलने से वह अभिभूत हैं।

मतगणना के दौरान सामने आईं घटनाएं

जाम्बिया के राष्ट्रपति चुनाव पर दुनियाभर की नजरें थीं। पिछले शुक्रवार को मतगणना रोक दी गई थी और कुछ घंटे बाद कड़ी सुरक्षा के बीच इसे दोबारा शुरू किया गया। चुनाव आयोग ने बताया था कि कुछ मतदान अधिकारियों पर हमले हुए और कुछ मतपत्र चोरी कर लिए गए थे।

सरकार ने यह भी पुष्टि की थी कि चुनाव की रात विपक्ष के कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उन पर राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने का आरोप लगाया था।

जीत के बाद सड़कों पर जश्न

हिचिलेमा की जीत की आधिकारिक घोषणा से पहले ही राजधानी लुसाका की सड़कों पर हलचल बढ़ गई थी। परिणाम घोषित होने के बाद बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और सुबह की ठंड के बावजूद खुशी मनाई।

हिचिलेमा की पार्टी और सत्ताधारी यूनाइटेड पार्टी फॉर नेशनल डेवलपमेंट के अध्यक्ष कॉलिन्स माओमा ने चुनाव परिणाम का स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रपति से अपने नेतृत्व के मौजूदा अंदाज को बनाए रखने का आग्रह किया।

Related Articles

नवीनतम लेख