मुंबई। अभिनेता बॉबी देओल की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘आश्रम’ एक बार फिर नए सीजन के साथ दर्शकों के बीच लौटने की तैयारी में है। ‘आश्रम 4’ पर काम शुरू हो चुका है और इसकी शूटिंग अगस्त से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। नए सीजन में बॉबी देओल एक बार फिर चर्चित किरदार ‘बाबा निराला’ के रूप में नजर आएंगे। उनके साथ अदिति पोहनकर और चंदन रॉय सान्याल भी अपने-अपने किरदारों में वापसी करेंगे।
प्रकाश झा फिर संभालेंगे निर्देशन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक प्रकाश झा अपने बैनर प्रकाश झा प्रोडक्शंस के तहत इस क्राइम-ड्रामा सीरीज का निर्देशन करेंगे। फिलहाल निर्माण कार्य जारी है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं किया गया है कि चौथा सीजन बाबा निराला की कहानी का अंतिम अध्याय होगा या इसके बाद भी सीरीज को आगे बढ़ाया जाएगा।
तीनों सीजन को मिला था शानदार प्रतिसाद
‘आश्रम’ का पहला सीजन 28 अगस्त 2020 को एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला। इसके बाद दूसरा सीजन नवंबर 2020 और तीसरा सीजन जून 2022 में रिलीज हुआ। सीरीज की कहानी स्वयंभू धर्मगुरु बाबा निराला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आस्था की आड़ में अपने अनुयायियों का शोषण करता है और अपराध का साम्राज्य खड़ा करता है।
लगातार तीन सफल सीजन के बाद अब दर्शकों को ‘आश्रम 4’ का बेसब्री से इंतजार है।
