33.4 C
Kolkata
Wednesday, July 1, 2026

घूसखोरी मामले में आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत गिरफ्तार, सीबीआई की बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को बुधवार को गिरफ्तार किया। गहलावत वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस), दिल्ली में तैनात हैं।

रिश्वत मांगने का आरोप

सीबीआई के अनुसार, इस मामले में 8 जून को दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर और दो निजी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि दीपक गहलावत ने निजी व्यक्तियों से रिश्वत की मांग की थी। उन्होंने कथित तौर पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े सीबीआई जांच वाले मामलों में राहत दिलाने का दावा किया था।

पहले छह आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

सीबीआई ने इससे पहले दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह समेत छह अन्य निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 25 लाख रुपये की ट्रैप राशि बरामद की गई थी। इसके अलावा लगभग 90 लाख रुपये नकद और कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए थे।

कई ठिकानों पर छापेमारी

जांच के क्रम में सीबीआई ने दीपक गहलावत से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान डिजिटल उपकरण, हार्ड डिस्क, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

जांच जारी

सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसी रिश्वतखोरी, प्रभाव के दुरुपयोग और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख