पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में 29वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया और कहा कि राजद हमेशा गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज बनी रहेगी।
सामाजिक न्याय की विचारधारा से नहीं होगा समझौता
लालू प्रसाद यादव ने कहा कि राजद ने हर दौर में संघर्ष करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय की विचारधारा से कभी समझौता नहीं करेगी और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
संगठन मजबूत करने पर जोर
स्थापना दिवस समारोह में वरिष्ठ नेताओं ने आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ, पंचायत और गांव स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा की। नेताओं ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
प्रदेश कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी। कार्यालय परिसर को पार्टी के झंडों, बैनरों और पोस्टरों से सजाया गया। गर्मी को देखते हुए कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए 11 एयर कंडीशनर और 15 कूलर लगाए गए। स्थापना दिवस पर केक काटा गया, मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
भरत तिवारी एनकाउंटर पर भी उठा मुद्दा
समारोह के दौरान भरत तिवारी एनकाउंटर का मुद्दा भी चर्चा में रहा। पार्टी कार्यालय पहुंचे छोटू छलिया ने कहा कि यदि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण किया था तो उन्हें गोली नहीं मारी जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार को जातीय आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान उन्होंने “नाही चाली तोहरो तानाशाहिया, जागल बा बिहरिया…” गीत भी प्रस्तुत किया।
5 जुलाई को जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम
राजद नेताओं ने बताया कि पटना के बाद 5 जुलाई को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भी स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
