35.6 C
Kolkata
Wednesday, July 1, 2026

विंबलडन 2026: स्टेन वावरिंका की भावुक विदाई, पहले दौर में बेरेटिनी से हारे

लंदन। तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्टेन वावरिंका का विंबलडन अभियान पहले ही दौर में समाप्त हो गया। 41 वर्षीय स्विस दिग्गज को इटली के मैटियो बेरेटिनी ने रोमांचक मुकाबले में 6-7 (7), 7-6 (16), 7-6 (7), 7-6 (5) से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

चार घंटे से अधिक चला रोमांचक मुकाबला

करीब चार घंटे 20 मिनट तक चले मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। मैच समाप्त होने के बाद दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाकर वावरिंका को भावुक विदाई दी। माना जा रहा है कि यह उनके करियर का आखिरी विंबलडन मुकाबला था।

2026 सीजन के बाद लेंगे संन्यास

वावरिंका पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि वह 2026 सीजन के अंत में पेशेवर टेनिस से संन्यास लेंगे। इस बार उन्हें विंबलडन में वाइल्ड कार्ड के जरिए मुख्य ड्रॉ में जगह मिली थी।

तीन ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं वावरिंका

स्टेन वावरिंका ने 2014 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल किया था। इसके बाद उन्होंने फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन का खिताब भी अपने नाम किया। इस वर्ष ऑस्ट्रेलियन ओपन में वह तीसरे दौर तक पहुंचे थे, जबकि फ्रेंच ओपन में पहले दौर में बाहर हो गए थे।

‘खेल को अलविदा कहना आसान नहीं’

हार के बाद भावुक वावरिंका ने कहा कि जिस खेल से आप इतना प्यार करते हों, उसे अलविदा कहना कभी आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि वह संन्यास नहीं लेना चाहते, लेकिन अब समय आ गया है।

बेरेटिनी दूसरे दौर में पहुंचे

इस जीत के साथ 2021 के विंबलडन उपविजेता मैटियो बेरेटिनी ने दूसरे दौर में जगह बना ली है। अगले मुकाबले में उनका सामना फ्रांस के आर्थर फिल्स से होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख