जमशेदपुर। करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद झारखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
कानून-व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती
राज्य सरकार ने कोल्हान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की निगरानी के लिए एडीजी मनोज कौशिक, कोल्हान आयुक्त रवि रंजन विक्रम और कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा को जिम्मेदारी सौंपी है। तीनों अधिकारी बुधवार से जमशेदपुर में कैंप कर हालात की लगातार समीक्षा करेंगे।
थाना प्रभारी निलंबित, नया प्रभारी नियुक्त
इससे पहले कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे को निलंबित कर दिया गया था। उनकी जगह निरंजन कुमार को नया थाना प्रभारी बनाया गया है। जांच में पुलिस की लापरवाही और समन्वय की कमी सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
डबल डाउन बार का लाइसेंस रद्द, परिसर सील
घटना के बाद जिला प्रशासन ने डबल डाउन बार का लाइसेंस रद्द कर परिसर को सील कर दिया है। प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।
परिजनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
मंगलवार देर रात तत्कालीन एसएसपी पीयूष पांडेय हिमांशु सिंह के परिजनों से मिलने पहुंचे और अंतिम संस्कार करने का आग्रह किया, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बुधवार शाम पांच बजे तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी या उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे शहर में चक्का जाम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और डीजीपी तदाशा मिश्रा ने मृतक के पिता अरविंद सिंह से फोन पर बात कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और अपराध नियंत्रण में कमी के कारण दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को हटाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में अर्जुन लोहार को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इससे पहले सोनू मंडल और राज लोहार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
27 जून को हुई थी वारदात
27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार में दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे हिमांशु सिंह को पुलिस वैन से बाहर खींचकर चाकू और चापड़ से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु की 29 जून को टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं घायल प्रत्युष का इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
