31.9 C
Kolkata
Tuesday, June 30, 2026

बिहार में अति पिछड़ा नेतृत्व को गांव-गांव तक मजबूत करेगी कांग्रेस : राजेश राम

पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में मंगलवार को कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में अति पिछड़ा वर्ग की राजनीतिक भागीदारी, संगठनात्मक सशक्तीकरण और नेतृत्व विकास को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

अति पिछड़ा समाज के लिए चलेगा विशेष अभियान

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांव-गांव में अति पिछड़ा समाज के बीच नेतृत्व विकास का विशेष अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन में अति पिछड़ा वर्ग को उनकी जनसंख्या के अनुपात में उचित भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, समान अवसर और सभी वर्गों की सम्मानजनक भागीदारी की पक्षधर रही है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।

हर वर्ग को मिले सम्मान और प्रतिनिधित्व : अल्लावरु

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि किसी भी समाज की अनदेखी करना सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता और नेता का दायित्व है कि समाज के हर वर्ग को सम्मान, अवसर और संगठन में उचित प्रतिनिधित्व मिले।

भाजपा पर समाज को बांटने का आरोप

पूर्व विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी धर्म और जाति के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक सद्भाव और समावेशी विकास की राजनीति में विश्वास रखती है।

सम्मेलन को कांग्रेस सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद, विधायक मनोज विश्वास, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, इंजीनियर कमल कमलेश, बैद्यनाथ शर्मा, पंकज यादव, अनुराग चंदन, हीरा सिंह बग्गा, उदय शंकर पटेल, जितेंद्र नाथ पटेल, सुरेश मुखिया, नदीम अंसारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया।

Related Articles

नवीनतम लेख