जमशेदपुर। घाटशिला प्रखंड के नयाग्राम निवासी संतोष कुमार मिश्रा की चार माह की पुत्री विहा मिश्रा के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की पहल और अनुशंसा के बाद उपलब्ध कराई गई।
गंभीर बीमारी से जूझ रही है चार माह की मासूम
संतोष कुमार मिश्रा सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी चार माह की पुत्री विहा मिश्रा जन्म के कुछ ही दिनों बाद मेकोनियम एस्पिरेशन सिंड्रोम और राइट सबड्यूरल हेमाटोमा जैसी गंभीर चिकित्सकीय समस्याओं से पीड़ित हो गई। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी ब्रेन सर्जरी की गई।
अब तक इलाज पर करीब 14 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। चिकित्सकों ने आगे एक और सर्जरी की आवश्यकता बताई है, जिसके लिए लगभग पांच लाख रुपये की अतिरिक्त राशि की जरूरत है।
विधायक की अनुशंसा पर मिली आर्थिक सहायता
आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार ने इलाज के लिए विधायक पूर्णिमा साहू से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
विधायक की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने विहा मिश्रा के उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करते हुए परिवार को चेक उपलब्ध कराया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रति आभार जताते हुए मासूम विहा मिश्रा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
