33.6 C
Kolkata
Tuesday, June 30, 2026

कराटे खिलाड़ी पर फायरिंग का 20 घंटे में खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर। पुलिस कमिश्नर आवास के पास कराटे खिलाड़ी अरविंद पासवान पर हुई फायरिंग का पुलिस ने करीब 20 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सोमवार देर रात टेप्को मिल परिसर में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी।

बीयर के पैसे को लेकर हुआ था विवाद

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 28-29 जून की रात ग्वालटोली क्षेत्र में अरविंद पासवान अपने साथियों के साथ मैदान में मौजूद थे। इसी दौरान अनुराग खुराना उर्फ शैबी, हरि सिंह उर्फ शुभम और उनके साथी वहां पहुंचे। बीयर के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि शुभम ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे अरविंद के पेट में गोली लग गई।

घायल अरविंद को तत्काल हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।

पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी दबोचे गए

घटना के बाद पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देश पर कई पुलिस टीमों को आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। सोमवार देर रात सूचना मिलने पर टेप्को मिल परिसर में घेराबंदी की गई। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में हरि सिंह उर्फ शुभम के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अनुराग खुराना उर्फ शैबी को भी मौके से पकड़ लिया गया, जबकि ऋषभ उर्फ मांगू फरार हो गया।

तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों ने फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

ग्वालटोली थाने में दर्ज मुकदमे की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी ऋषभ उर्फ मांगू की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। दोनों गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख