33.6 C
Kolkata
Tuesday, June 30, 2026

बयानबाजी का दौर: अमेरिका का दावा- ‘ईरान ने मांगी बैठक’, तेहरान का इनकार, होर्मुज में हालात सुधरे

तेहरान/वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली प्रस्तावित बातचीत को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों के उलट ईरान ने दोटूक कहा है कि कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका के साथ उसकी कोई बातचीत तय नहीं है। इस कूटनीतिक रस्साकशी के बीच राहत की बात यह है कि वैश्विक तेल आपूर्ति के मुख्य रास्ते ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) में पिछले 24 घंटे में हालात पहले से काफी बेहतर हुए हैं।

ईरान का पलटवार: अमेरिकी प्रतिनिधियों के दौरे से हमारा लेना-देना नहीं

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी दावों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में अमेरिकी पक्ष के साथ हमारी किसी भी स्तर पर कोई बातचीत या बैठक तय नहीं है। अमेरिकी प्रतिनिधियों के कतर जाने का ईरानी प्रतिनिधिमंडल के दौरे से कोई संबंध नहीं है।”

बघाई ने स्पष्ट किया कि बड़े समझौते पर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है। अंतिम समझौते के लिए बातचीत की शुरुआत सहमति पत्र की कुछ खास शर्तों के लागू होने और अमेरिका द्वारा ईरान के फ्रीज (रोके गए) फंड व एसेट्स को पूरी तरह बहाल करने पर निर्भर है। ईरान के उप विदेशमंत्री काज़ृम गरीबाबादी ने भी पुष्टि की है कि इस हफ्ते ऐसी कोई टेक्निकल वर्किंग ग्रुप की मीटिंग तय नहीं है।

डोनाल्ड ट्रंप और व्हाइट हाउस का दावा- ‘ईरान के अनुरोध पर हो रही बैठक’

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर दावा किया था कि ईरान ने खुद बैठक का आग्रह किया है जो दोहा में होगी। वहीं, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर मंगलवार को बातचीत के लिए दोहा जा रहे हैं। व्हाइट हाउस का कहना है कि ट्रंप शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहते हैं और उन्होंने ईरान से समझौते पर पहुंचने का आग्रह किया है।

कतर है मुख्य मध्यस्थ, बयानों से बढ़ी अनिश्चितता

गल्फ न्यूज के मुताबिक, तेहरान और वाशिंगटन के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे कतर में इस बैठक को लेकर आए विरोधाभासी बयानों ने मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) की कूटनीति में नई अनिश्चितता पैदा कर दी है। एक तरफ जहां अमेरिकी प्रशासन वार्ता शुरू होने की बात कह रहा है, वहीं ईरान के इनकार ने कूटनीतिक कोशिशों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य में सुधरे हालात, गुजरे 25 कमर्शियल जहाज

तनाव के बीच व्यापारिक जगत के लिए अच्छी खबर यह है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही सामान्य हो रही है। मरीन ट्रैफिक डेटा के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान इस समुद्री रास्ते से सुरक्षित रूप से 25 कमर्शियल जहाज गुजरे। फारस की खाड़ी से बाहर जाने वाले जहाजों में छह ऑयल टैंकर और आठ कार्गो जहाज शामिल रहे, जबकि पांच टैंकर और छह कार्गो जहाजों ने खाड़ी के अंदर प्रवेश किया।

Related Articles

नवीनतम लेख