नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने सोमवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मध्य प्रदेश से निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद उन्होंने उच्च सदन के सदस्य के रूप में अपना कार्यभार संभाला। उनके साथ छह अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों ने भी शपथ ली।
संसद भवन पहुंचने से पहले गुरुद्वारा में टेका मत्था
शपथ ग्रहण से पहले तरुण चुग ने संसद भवन के प्रवेश द्वार पर नमन कर लोकतंत्र के सर्वोच्च मंदिर के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इससे पहले उन्होंने नई दिल्ली स्थित गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि तरुण चुग मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने 11 जून 2026 को अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्राप्त किया था। शपथ लेने के साथ ही उन्होंने अपने संसदीय दायित्वों का औपचारिक रूप से निर्वहन शुरू कर दिया।
संगठन में लंबे अनुभव के साथ निभा रहे अहम जिम्मेदारियां
पंजाब के अमृतसर से आने वाले तरुण चुग लंबे समय से संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने कम उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और बाद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 1989 से 1994 तक वह एबीवीपी में जिला सचिव और राज्य कार्यकारिणी सदस्य रहे।
वर्ष 1993 में वह अमृतसर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष बने। इसके बाद उन्होंने पंजाब भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारियां निभाईं। युवाओं को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से उन्होंने 2,100 किलोमीटर लंबी ‘युवा चेतना यात्रा’ का नेतृत्व भी किया।
भाजपा संगठन में उन्होंने प्रदेश सचिव, पंजाब भाजपा के महासचिव और वर्तमान में राष्ट्रीय महामंत्री सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं। फिलहाल वह जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार के पार्टी प्रभारी हैं। इसके अलावा उन्हें दिल्ली भाजपा का सह-प्रभारी भी बनाया गया है। संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में गिना जाता है।
