सूरत। सोशल मीडिया पर ‘लिटिल ग्लव्स’ के नाम से मशहूर कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर शिवानी कपिला के सूरत के जहांगीरपुरा स्थित घर में पावर बैंक में हुए विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में उनके यूट्यूब के डायमंड, गोल्ड, सिल्वर प्ले बटन समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, घटना में किसी की जान नहीं गई।
चार्जिंग के दौरान हुआ धमाका, पूरा कमरा आग की चपेट में
शिवानी कपिला ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि घटना के समय वह अपनी सास को तेज बुखार के कारण अस्पताल लेकर गई थीं, जबकि उनके पिता घर पर मौजूद थे। इसी दौरान बेडरूम में चार्जिंग पर लगे वायरलेस पावर बैंक में अचानक विस्फोट हो गया और देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई।
घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूरा कमरा जल चुका था। आग इतनी भीषण थी कि एयर कंडीशनर तक पिघल गया। महंगे कपड़े, बैग, एक्सेसरीज़, अलमारी, बेटी आध्या की बचपन की यादें और यूट्यूब से मिले डायमंड, गोल्ड और सिल्वर प्ले बटन भी आग की भेंट चढ़ गए।
पालतू डॉग ‘कोको’ की बची जान
हादसे के समय उनका पालतू डॉग कोको भी उसी कमरे में मौजूद था। शिवानी के पिता और उनके मैनेजर राजीव ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और घने धुएं के बीच से कोको को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे मामूली चोट और कुछ बाल झुलसने के अलावा कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ।
‘एक पल में बिखर गया वर्षों का सपना’
भावुक शिवानी ने कहा कि उन्होंने मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर अपनी मेहनत और वर्षों की कमाई से सपनों का घर बनाया था, लेकिन एक पावर बैंक ब्लास्ट ने सब कुछ तबाह कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी वर्षों की मेहनत पलभर में राख में बदल गई।
लोगों को दी महत्वपूर्ण सलाह
शिवानी ने लोगों से अपील की कि कभी भी पावर बैंक या मोबाइल फोन को बिस्तर या सिरहाने रखकर चार्ज न करें। उन्होंने कहा कि घरों में मौजूद सिंथेटिक सामान आग को तेजी से फैलाता है, जिससे छोटी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है। उन्होंने बताया कि आग के बाद फैले कार्बन मोनोऑक्साइड के धुएं से उन्हें, उनके पिता और मैनेजर को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई। फिलहाल पूरा परिवार इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा है।
