1 जुलाई 2026 से देश में कई बड़े वित्तीय बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब और आपके बैंक अकाउंट पर पड़ने वाला है। इन बदलावों का असर गैस सिलेंडर की कीमत, आधार अपडेट, रेलवे जुर्माना, क्रेडिट कार्ड सुविधाओं और टैक्स से जुड़े कामों पर पड़ेगा। इन सभी नियमों के बारे में पहले से जान लेना आपके लिए बहुत जरुरी है ताकि आपको आगे चलकर किसी तरह का नुकसान न उठाना पड़े और आप अपने पैसों का सही मैनेजमेंट कर सकें।
आईटीआर भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई का रखें ध्यान : टैक्सपेयर्स के लिए यह समय बहुत महत्वपूर्ण है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आईटीआर 1 और आईटीआर 2 दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 तय की गई है। अगर आप इस तय समय सीमा के अंदर अपना रिटर्न फाइल नहीं करते हैं, तो आपको भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।
रेलवे के नियम होंगे सख्त : 1 जुलाई 2026 से रेलवे में बिना टिकट यात्रा करने वालों पर जुर्माना और सख्त हो सकता है। केंद्र सरकार के प्रस्ताव के अनुसार, बिना टिकट सफर करने पर न्यूनतम जुर्माना ₹250 से बढ़ाकर ₹500 किया जा सकता है। इसके अलावा किसी दूसरे व्यक्ति के टिकट पर यात्रा करना, ट्रेन में हंगामा करना, भीख मांगना, अवैध फेरी लगाना या महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में सफर करने जैसी गलतियों पर भी भारी जुर्माना लग सकता है।
पासपोर्ट बनवाना अब होगा काफी महंगा : अगर आप विदेश यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं या नया पासपोर्ट बनवाने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए यह जानना जरुरी है कि 1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना महंगा हो जाएगा। विदेश मंत्रालय ने सामान्य और तत्काल दोनों ही कैटेगरी के पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है।
आधार कार्ड में 31 दिसंबर 2026 मुफ्त में ईमेल अपडेट कर सकते हैं : आधार कार्ड धारकों के लिए एक बहुत अच्छी खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी यूआईडीएआई ने आधार कार्ड में रजिस्टर्ड ईमेल आईडी को अपडेट कराने पर लगने वाले शुल्क को पूरी तरह से हटा दिया है। अभी तक इसके लिए 75 रुपये का चार्ज देना पड़ता था, लेकिन 1 जुलाई से लेकर 31 दिसंबर 2026 तक यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त रहेगी।
मिस सेलिंग पर RBI की सख्त कार्रवाई : बैंक ग्राहकों के अधिकारों को मजबूत करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई 1 जुलाई से एक बहुत ही सख्त नियम लागू करने जा रहा है। अक्सर देखा जाता है कि बैंक कर्मचारी ग्राहकों को गलत जानकारी देकर या गुमराह करके कोई भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या इंश्योरेंस पॉलिसी बेच देते हैं, जिसे मिस सेलिंग कहा जाता है। नए नियमों के मुताबिक, अगर किसी बैंक ने ग्राहक को गलत जानकारी देकर कोई प्रोडक्ट बेचा है, तो बैंक को ग्राहक का पूरा पैसा वापस करना होगा।
SBI और HDFC क्रेडिट कार्ड के बदलेंगे नियम : क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को 1 जुलाई से थोड़ा झटका लग सकता है। एसबीआई कार्ड ने अपने फोनपे SBI क्रेडिट कार्ड पर्पल और फोनपे एसबीआई क्रेडिट कार्ड सेलेक्ट ब्लैक के रिवॉर्ड पॉइंट्स के नियमों को बदल दिया है। अब इन कार्डों पर रिवॉर्ड पॉइंट कमाने की एक लिमिट तय कर दी गई है और कुछ खास तरह के ट्रांजैक्शन पर अब कोई रिवॉर्ड पॉइंट नहीं मिलेगा।
कारों की बढ़ने वाली हैं कीमतें : कई वाहन कंपनियों ने एक जुलाई से कीमतों को बढ़ाने का एलान किया है। इनमें टाटा मोटर्स, किआ मोटर्स, एमजी मोटर्स और बीएमडब्ल्यू का नाम शामिल है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (पीवी) ने अपने वाहनों की कीमत में 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। वहीं, टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल (सीवी) ने कीमतों को 2.5 प्रतिशत तक बढ़ाने की घोषणा की है।
एलपीजी की कीमतों में भी हो सकता है बदलाव : हर महीने की शुरुआत में सरकार एलपीजी के दामों की समीक्षा करती है। इस कारण से एक जुलाई को एलपीजी की कीमतों में भी बदलाव हो सकता है।
