झारखंड शराब घोटाला मामले में ईडी ने अपनी जांच तेज कर दी है। एजेंसी ने इस मामले में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव, उनके बेटे रोहित उरांव तथा उत्पाद विभाग के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अमित प्रकाश को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। ईडी कथित शराब घोटाले में रामेश्वर उरांव और रोहित उरांव की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही छत्तीसगढ़ की कुछ कंपनियों को झारखंड में शराब कारोबार में प्रवेश दिलाने से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
ईडी ने समन के साथ संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जांच एजेंसी को आशंका है कि झारखंड में शराब कारोबार से जुड़े कथित घोटाले में इनकी भूमिका की जांच आवश्यक है। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की कंपनियों को झारखंड में प्रवेश दिलाने के मामले में रोहित उरांव की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई एसीबी द्वारा दर्ज कांड संख्या 9/2025 को ईडी द्वारा टेकओवर करने के बाद की जा रही है। इस आधार पर ईडी ने इसीआईआर संख्या 10/2025 दर्ज कर अपनी जांच आगे बढ़ाई है। इससे पहले एजेंसी इस मामले में गिरफ्तार कुछ आरोपियों से भी पूछताछ कर चुकी है। गौरतलब है कि एसीबी ने वर्ष 2025 में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए कई अधिकारियों और अन्य लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। अब ईडी की जांच का दायरा बढ़ने के साथ कई नए नाम भी जांच के घेरे में आ रहे हैं।
