रांची : बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए रांची से श्रद्धालुओं का पहला जत्था रविवार को पहाड़ी मंदिर से रवाना हुआ। श्रद्धालु पहले मुरी पहुंचेंगे, जहां से ट्रेन के माध्यम से जम्मू के लिए प्रस्थान करेंगे। इस यात्रा का नेतृत्व मनोज कुमार जायसवाल कर रहे हैं, जो लगातार 34 वर्षों से बाबा अमरनाथ की यात्रा कर रहे हैं।यात्रा दल को रांची महानगर मंत्री शुभम कुमार जायसवाल ने श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। इस अवसर पर नयन कुमार सिन्हा, उपमहापौर नीरज कुमार, शैलेश जायसवाल, अविनाश कुमार उर्फ मुन्ना, श्रवण सिन्हा, विकास वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं का पूर्व पंजीकरण नहीं हो पाया है, उनका पंजीकरण जम्मू में कराया जाएगा। इसके बाद 3 जुलाई को पहला जत्था बाबा अमरनाथ गुफा में पूजा-अर्चना के लिए रवाना होगा तथा 6 जुलाई को बाबा बर्फानी के दर्शन करेगा।
यात्रा कार्यक्रम के अनुसार श्रद्धालु श्रीनगर स्थित खीर भवानी मंदिर, जम्मू के रघुनाथ मंदिर, माता वैष्णो देवी धाम तथा अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में भी दर्शन-पूजन करेंगे। रांची लौटने के बाद देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम, बाबा बासुकीनाथ एवं पश्चिम बंगाल के तारापीठ मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगे।
श्रद्धालुओं ने प्रस्थान से पूर्व बाबा बर्फानी से झारखंड की सुख-समृद्धि, राज्य के सर्वांगीण विकास तथा प्रदेशवासियों के खुशहाल जीवन की कामना की। हर्षिता जैसवाल ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया और साथ ही उनके यात्रा के लिए बाबा भोलनाथ से प्रार्थना मांगीयात्रा दल में अर्जुन शर्मा, प्रकाश, अरविंद साहू, राजू सोनी, उपेंद्र प्रसाद, रिंकी भट्ट, किरण देवी, सुशीला देवी, नंदनी, प्रभा देवी, पूनम देवी, बेबी देवी, सुमन देवी सहित कुल 82 श्रद्धालु शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त 2 जुलाई को विमान मार्ग से अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं में महान कुमार विश्व, विष्णु कुमार (युवा महामंत्री), संतोष कुमार जायसवाल (अभिनव), कुमार उर्फ मुन्ना तथा चेतन महान शामिल हैं। आयोजकों ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय हो, इसके लिए विशेष प्रार्थना की गई है।
