32.6 C
Kolkata
Friday, June 26, 2026

पूर्वी यूपी में तीन दिन लू का अलर्ट, पूर्वोत्तर में भारी बारिश; दिल्ली में सप्ताहांत पर बरसात के आसार

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भीषण लू का प्रकोप जारी रह सकता है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के देश के कई और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार और रविवार को दोपहर एवं शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 29 जून को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा, हालांकि हवाओं की रफ्तार कुछ कम हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के शेष हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है।

पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इस सप्ताह व्यापक स्तर पर भारी वर्षा की संभावना है। 27 से 29 जून के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इन क्षेत्रों में अगले छह दिनों तक 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत में 27 से 30 जून के बीच हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में भी 27 से 29 जून के दौरान वर्षा जारी रह सकती है। पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में 27 जून से 2 जुलाई तक बारिश के आसार हैं, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 जून से 2 जुलाई तक वर्षा होने की संभावना है।

हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 से 30 जून के दौरान बारिश के साथ 27 और 28 जून को कुछ इलाकों में लू चल सकती है। मौसम विभाग ने 27 जून के लिए कहीं-कहीं भीषण लू की चेतावनी भी जारी की है। ओडिशा में भी 27 जून को गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है।

तापमान के पूर्वानुमान के अनुसार महाराष्ट्र में 29 जून तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य भारत में 28 और 29 जून के दौरान तापमान बढ़ने के बाद इसमें गिरावट आने की संभावना है। वहीं, देश के अधिकांश अन्य हिस्सों में 2 जुलाई तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख