32.1 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

मोहर्रम जुलूस में ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकराया, करंट लगने से तीन की मौत

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलौदा क्षेत्र के हतनारा गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। ताजिया 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से उसमें करंट फैल गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग झुलस गए। घायलों का रतलाम मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 11:15 बजे पंचमुखी महादेव मंदिर और मस्जिद के बीच मुख्य मार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ताजिया की ऊंचाई उठाने के बाद करीब 16 से 17 फीट हो गई थी। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया और पूरे ताजिया में करंट दौड़ गया।

हादसे के बाद जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

तीन लोगों की मौत, कई घायल

इस हादसे में हतनारा गांव निवासी अरबाज खान, रशीद खान और सड्डू खान की मौत हो गई। वहीं 12 से अधिक लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रशासन ने शुरू की जांच

शुक्रवार को कलेक्टर मिशा सिंह रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने एसडीएम रचना शर्मा और तहसीलदार देवेंद्र दानगढ़ को गांव भेजकर मामले की जांच के निर्देश दिए।

जांच के दौरान ताजिया कमेटी के सदर अकरम मेव समेत अन्य लोगों के बयान दर्ज किए गए। एसडीओपी संदीप मालवीय और पिपलौदा थाना प्रभारी रमेश कोली हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच कर रहे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख