38.3 C
Kolkata
Saturday, June 20, 2026

शिरडी पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन: साईं बाबा के चरणों में टेका माथा, राहुल गांधी को दी जन्मदिन की बधाई

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने महाराष्ट्र प्रवास के दौरान सपरिवार शिरडी पहुंचकर प्रसिद्ध साईं बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने साईं बाबा के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी धार्मिक और आध्यात्मिक जगहों पर आने से मन को असीम शांति मिलती है। साथ ही, जीवन की मुश्किलों से लड़ने की हिम्मत और समाज के लिए कुछ अच्छा करने की प्रेरणा मिलती है।

साईं संस्थान ने किया स्वागत, सीएम ने साझा किए विचार

शिरडी साईं बाबा संस्थान के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर गोरक्ष गाडिलकर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शॉल ओढ़ाकर और साईं बाबा की मूर्ति भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पहले भी शिरडी आते रहे हैं और झारखंड में भी साईं बाबा के कई मंदिर हैं, जहां वे अक्सर दर्शन के लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा के आशीर्वाद से ही वे जनता की सेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई भी दी और कहा कि वे बाबा से आशीर्वाद मांगने आए हैं ताकि भविष्य में लोगों के लिए और ज्यादा अच्छे काम कर सकें।

जल संरक्षण और झारखंड के पर्यटन पर दिया जोर

शिरडी में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के विकास और प्राकृतिक संसाधनों पर भी अपनी बात रखी। राज्य में पानी की समस्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब स्थिति सुधरी है और कई घरों तक नल से पानी पहुंच रहा है, लेकिन अभी भी कुछ इलाकों में काम बाकी है। उन्होंने सभी से प्रकृति के संसाधनों की रक्षा करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने झारखंड को देश के आर्थिक विकास की रीढ़ बताते हुए देश-विदेश के लोगों को झारखंड के सुंदर गांवों, यहां की अनूठी संस्कृति और विकास को देखने के लिए आने का निमंत्रण दिया।

Related Articles

नवीनतम लेख