38.3 C
Kolkata
Saturday, June 20, 2026

प्रयागराज में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू डंपर ने बाइक सवार किसान को कुचला, मौके पर मौत

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां के मेजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामपुर गांव के पास शनिवार तड़के सुबह एक अनियंत्रित डंपर ने मोटरसाइकिल सवार किसान को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सब्जी मंडी जाते समय हुआ हादसा

पुलिस उपायुक्त (यमुनानगर) विवेक चन्द्र यादव ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान मेजा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 58 वर्षीय तेज बहादुर के रूप में हुई है। परिजनों ने रोते-बिलखते हुए बताया कि तेज बहादुर शनिवार भोर में अपने घर से सिरसा सब्जी मंडी जाने के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे। वे अभी रास्ते में ही पहुंचे थे कि तभी एक तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी जान चली गई।

परिवार का इकलौता सहारा था मृतक

परिजनों के मुताबिक तेज बहादुर पेशे से किसान थे और खेती-किसानी करके ही अपने पूरे परिवार का पेट पाल रहे थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनके भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। तेज बहादुर की अचानक हुई इस मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख