39 C
Kolkata
Tuesday, June 16, 2026

निशिकांत दुबे की पहल से देवघर के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, 2 दिन में पटरी पर लौटेगी व्यवस्था

देवघर । पिछले 6 दिनों से देवघर शहर में ठप पड़ी सफाई व्यवस्था अब जल्द ही सुधरने वाली है. गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे की मध्यस्थता, जिला प्रशासन और निगम के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस ले ली है. हड़ताल समाप्त होने के साथ ही शहर में जमा कचरे को साफ करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू करने की तैयारी कर ली गई है.

11 जून से पीएफ बकाए को लेकर अड़े थे कर्मचारी

भविष्य निधि (PF) के बकाया भुगतान की मांग को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारी बीते 11 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे. इस वजह से विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर से लेकर शहर की तमाम प्रमुख सड़कों और गलियों में कचरे का अंबार लग गया था. स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों और बदबू का सामना करना पड़ रहा था.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने सफाई कर्मचारियों का नेतृत्व कर रहे श्रमिक नेता संजय मंडल से विस्तृत बातचीत की और उनके जायज मुद्दों के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद कर्मचारियों ने आंदोलन खत्म करने का निर्णय लिया.

सांसद की बड़ी घोषणा: सफाईकर्मियों के कल्याण कोष को हर साल मिलेंगे ₹25 लाख

सफाई कर्मचारी नेता संजय मंडल ने बताया कि सांसद, जिला प्रशासन, मेयर और डिप्टी मेयर के ठोस आश्वासन के बाद यह फैसला हुआ है. कर्मचारियों को भरोसा दिया गया है कि उनके पीएफ की बकाया राशि का भुगतान जल्द से जल्द कर दिया जाएगा.

इस मामले पर सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर उनकी कर्मभूमि है और यहां के लोगों व श्रद्धालुओं को परेशानी में नहीं देखा जा सकता. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा:

“सफाई कर्मचारियों के कल्याण कोष के लिए मेरी ओर से प्रति वर्ष ₹25,00000 (पच्चीस लाख रुपये) उपलब्ध कराए जाएंगे. साथ ही एक ऐसी स्थायी व्यवस्था बनाई जाएगी ताकि भविष्य में कर्मचारियों को दोबारा हड़ताल पर न जाना पड़े और शहर हमेशा स्वच्छ रहे.”

1-2 दिनों में चकाचक हो जाएगा बाबाधाम

हड़ताल खत्म होने पर देवघर नगर निगम के मेयर रवि राउत ने सांसद की इस पहल का स्वागत किया और इसे पूरे जिले के हित में एक सकारात्मक कदम बताया. सफाई कर्मचारी नेता संजय मंडल के अनुसार, सभी कर्मचारी तुरंत अपने-अपने काम पर लौट रहे हैं और अगले एक से दो दिनों के भीतर शहर की पूरी गंदगी और कचरे को साफ कर व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा.

Related Articles

नवीनतम लेख