30.8 C
Kolkata
Monday, June 15, 2026

खूंटी में बाइक मैकेनिक का अपहरण के बाद हत्या, ताम्बा जंगल के पास मिला शव

खूंटी । जिले के रनिया थाना क्षेत्र में एक बाइक मैकेनिक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। अपराधियों ने रनिया चौक स्थित किराये के मकान से राधेश्याम साहू (45) को कथित रूप से अगवा किया और बाद में हत्या कर उसका शव ताम्बा जंगल के समीप फेंक दिया। अपराधियों ने इस सनसनीखेज वारदात को रविवार देर रात अंजाम दिया।

हथियार के बल पर किराये के मकान से किया अपहरण, साथ ले गए स्कूटी

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है। बताया जाता है कि अपराधी चार पहिया वाहन से रनिया पहुंचे थे। उन्होंने रनिया चौक स्थित किराये के मकान में रह रहे राधेश्याम साहू को हथियार के बल पर जबरन अपने साथ ले लिया। अपहरणकर्ता उसकी स्कूटी भी अपने साथ ले गए। परिजनों के अनुसार अपराधी पूरी योजना के साथ आए थे और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना राधेश्याम की दूसरी पत्नी ने तत्काल रनिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी, लेकिन रात होने के कारण तत्काल कोई सुराग नहीं मिल सका।

ताम्बा जंगल के पास सिर पर पत्थर मारकर की हत्या, साक्ष्य छिपाने की कोशिश

सोमवार सुबह ताम्बा जंगल के समीप सड़क किनारे एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान राधेश्याम साहू के रूप में की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसकी हत्या सिर पर पत्थर से वार कर की गई है। घटनास्थल से उसकी स्कूटी भी बरामद हुई, जिसे अपराधियों ने शव के ऊपर रख दिया था। पुलिस का मानना है कि ऐसा साक्ष्य छिपाने या जांच को भ्रमित करने के उद्देश्य से किया गया हो सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है और फॉरेंसिक तथा तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

20 वर्षों से रनिया में चला रहा था गैराज, भूमि विवाद की आशंका

मृतक राधेश्याम साहू तोरपा प्रखंड के डिगरी गांव का निवासी था। वह पिछले करीब 20 वर्षों से रनिया में रहकर बाइक रिपेयरिंग गैराज संचालित कर रहा था और स्थानीय स्तर पर काफी परिचित था। घटना के बाद क्षेत्र में हत्या के कारणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच भूमि विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गौरतलब है कि रनिया थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन हत्या की गंभीर घटना सामने आई है। एक दिन पहले ही बांगुरकुलम झोराटोली गांव से 69 वर्षीय पुटकी देवी का शव बरामद हुआ था, जिसमें पुलिस ने उनके दो पोतों को गिरफ्तार किया है।

Related Articles

नवीनतम लेख