रायपुर । केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी लोगों का प्यार जीतने का शतक बना रहे हैं जबकि राहुल गांधी हारने का शतक बनाने की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कई वर्षों से देश के भीतर गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा करने की योजना बना रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केन्द्रीय कपड़ा मंत्री सिंह ने कहा कि हमने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक राष्ट्रीय सरकार तक जीत का शतक बनाया और कांग्रेस ने हार का शतक बनाया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार के सफल कार्यकाल, विकास योजनाओं और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 22 राज्यों में हमारी सरकार है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में विकास के साथ विरासत का संरक्षण और विरासत के साथ विकास का संवर्धन करने का काम किया है। इस अवसर पर उनके
साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 से देश की जनता ने शासन को सत्ता भोगने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प मानने वाली मोदी सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले केवल ‘गरीबी हटाओ’ के नारे दिए जाते थे, लेकिन गरीबी नहीं मिटी, बल्कि गरीब मिट गए।
उन्होंने कहा कि जब विपक्ष केरल या तेलंगाना जीतता है तो सब ठीक रहता है, लेकिन हारने पर ईवीएम और वोट चोरी का रोना रोते हैं। टीएमसी सांसद के ‘ऑपरेशन लोटस नाकाम होने’ के बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई ऐसा ऑपरेशन नहीं चलता। जो जैसी करनी करता है, वैसा फल भोगता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने छत्तीसगढ़ को लगभग नक्सलवाद से मुक्त कर दिया है,जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूपीए सरकार के समय एक बड़े अर्थशास्त्री के प्रधानमंत्री रहने के बावजूद भारत दुनिया की 10वीं आर्थिक महाशक्ति था, लेकिन मोदी सरकार ने 12 वर्षों की कड़ी मेहनत से देश को चौथे स्थान पर ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं, किसानों, मजदूरों और महिलाओं समेत समाज के हर वर्ग के लिए रोडवेज, एयरवेज और हाईवेज के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया है।
केंद्रीय मंत्री सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिन्हें देश का यह विकास दिखाई नहीं दे रहा है, उन्हें अपना चश्मा बदल लेना चाहिए”।
