31.8 C
Kolkata
Thursday, June 11, 2026

रिम्स लैंड स्कैम: नगर निगम के कंप्यूटर ऑपरेटर रमन कुमार से एसीबी की पूछताछ शुरू, दस्तावेजों की हेराफेरी की जांच तेज

रांची| रिम्स जमीन घोटाले (रिम्स लैंड स्कैम) मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच की आंच अब नगर निगम तक पहुंच गई है। मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए एसीबी ने रांची नगर निगम के कंप्यूटर ऑपरेटर रमन कुमार को पूछताछ के लिए तलब किया है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एसीबी कार्यालय में रमन कुमार से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एजेंसी मुख्य रूप से जमीन से जुड़े दस्तावेजों और ऑनलाइन रिकॉर्ड्स के मिलान में जुटी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सरकारी डिजिटल और भौतिक दस्तावेजों में किसी प्रकार की हेराफेरी या अवैध बदलाव किए गए थे या नहीं। पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि रिम्स रांची की अधिग्रहित जमीन को अवैध तरीके से बेचने, खरीदने और उस पर कब्जा करने के इस बड़े खेल में एसीबी ने इसी साल 7 अप्रैल को एक जमीन दलाल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों में दीपाटोली बांधगाड़ी का राजकिशोर बड़ाईक, कार्तिक बड़ाईक, कोकर का राजेश कुमार झा और खूंटी का चैतन कुमार शामिल हैं। इन सभी पर गलत वंशावली तैयार कर अपने निजी फायदे के लिए रिम्स की सुरक्षित जमीन की धोखाधड़ी और अवैध खरीद-बिक्री करने का गंभीर आरोप है। मालूम हो कि झारखंड हाई कोर्ट के कड़े आदेश के बाद एसीबी की रांची शाखा ने इस साल 5 जनवरी को कांड संख्या 01/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू की थी।

Related Articles

नवीनतम लेख