भागलपुर । पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा परिचालन सुविधाओं के उन्नयन एवं रेलवे अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं।
इसी क्रम में मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में अमृत भारत स्टेशन गोड्डा पर स्टेशन की परिचालन एवं अनुरक्षण आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए बहु-चरणीय योजना के अंतर्गत एक कोचिंग डिपो विकसित किया जा रहा है।
उक्त आशय की जानकारी गुरुवार को मालदा डीविजन के पीआरओ ने दी। उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 600 मीटर लंबी केमटेक पिट लाइन तथा 600 मीटर लंबी स्टेबलिंग लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इन सुविधाओं के विकसित होने से कोचिंग स्टॉक की व्यवस्थित जांच, अनुरक्षण तथा स्टेबलिंग सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे परिचालन दक्षता एवं सेवा की विश्वसनीयता में वृद्धि होगी। कोचों की मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्यों के लिए 60 मीटर × 15 मीटर आकार का सिक लाइन शेड भी विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त डिपो संचालन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सर्विस रूम, सीवाईएम कार्यालय, विद्युत उपकेंद्र तथा कंप्रेसर कक्ष जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी निर्माण किया जा रहा है।
अनुरक्षण एवं परिचालन गतिविधियों के लिए आवश्यक जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से परियोजना के अंतर्गत 50 किलोलीटर क्षमता की एक ऊपरी जल टंकी का भी निर्माण किया जा रहा है। परियोजना के प्रथम चरण की अनुमानित लागत लगभग 49 करोड़ है। प्रथम चरण के पूर्ण होने पर यह कोचिंग डिपो गोड्डा स्टेशन की अनुरक्षण क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा, दूरस्थ सुविधाओं पर निर्भरता को कम करेगा तथा परिचालन लचीलेपन को बढ़ाएगा।
यह अवसंरचना रेलवे परिसंपत्तियों के अधिक प्रभावी उपयोग, परिचालन तैयारियों को सुदृढ़ करने तथा कोचिंग स्टॉक की उपलब्धता एवं विश्वसनीयता में सुधार लाने में सहायक सिद्ध होगी।
