32.4 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

जन समाधान में विधवा महिला की ऑन स्पॉट पेंशन की स्वीकृति

पलामू । उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जन समाधान कार्यक्रम के तहत समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं।

इस दौरान आमजनों ने अपनी-अपनी समस्याओं और शिकायतों से उपायुक्त को अवगत कराया, जिसपर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मेदिनीनगर के हमीदगंज से आयी माया कुमारी सिन्हा ने उपायुक्त को बताया कि वर्ष 2021 में कोरोना के कारण उनके पति का निधन हो गया था। उनके परिवार में अब कोई पुरुष सदस्य नहीं है और उनकी एक छोटी बच्ची है, जिसके पालन-पोषण में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की विधवा पेंशन योजना का लाभ लेने के लिए कई बार आवेदन किया गया, लेकिन हर बार किसी न किसी त्रुटि के कारण आवेदन स्वीकृत नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि यदि पेंशन का लाभ मिल जाता तो आर्थिक परेशानियों से कुछ राहत मिलती।

माया की समस्या सुनने के बाद उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक को तत्काल इस मामले के निष्पादन की जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद जनता दरबार में ही ऑन स्पॉट माया की विधवा पेंशन स्वीकृत कर दी गयी। मौके पर ही महिला को स्वीकृति पत्र भी सौंपा गया।

उपरोक्त के अतिरिक्त जन समाधान कार्यक्रम में मुख्य रूप से भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता रोकने, अयोग्य लाभुकों को पीएम आवास दिये जाने, दाखिल-खारिज, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग, आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा और कल्याण विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गये।

Related Articles

नवीनतम लेख