39.3 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज दिल्ली के भारत मंडपम में होगा अभिनंदन

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अहम बैठक आज यहां के भारत मंडपम में दोपहर तीन बजे शुरू होगी। बैठक में राजग सरकार राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहेंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू बैठक में नरेन्द्र मोदी के सबसे अधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने के रिकॉर्ड के संबंध में अभिनंदन प्रस्ताव रखेंगे। अन्य सहयोगी दलों के नेता इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन किया जाएगा।

12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल हुआ पूरा

इस प्रस्ताव में प्रधानमंत्री की पिछले 12 साल की उपलब्धियों का जिक्र किया जाएगा। इसके साथ सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर सरकार की उपलब्धियों और आगामी चुनाव पर चर्चा की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस यानी एनडीए या राजग सरकार ने जून 2026 में अपने 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया है।

नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ बनाई बड़ी लकीर

26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वाराणसी से लोकसभा सदस्य निर्वाचित नरेन्द्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार इस पद की शपथ ली। 9 जून 2026 को प्रधानमंत्री के रूप में उनके 4,398 दिन (12 साल 15 दिन) पूरे हुए। उन्होंने स्वतंत्र भारत में सबसे लंबे समय तक चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड बना दिया। खास बात यह है कि उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए बहुत बड़ी लकीर खींच दी। नेहरू 1952 में चुनाव जीतकर जब पहली बार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने, तो वहां से उनका कार्यकाल 4,397 दिन (12 साल 14 दिन) का रहा था।

भाजपा ने बताया सेवा, संकल्प और समृद्धि का सफर

भाजपा ने अपने एक्स हैंडल पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा, ”बदलाव के 12 साल: वादों से विकास तक!” पार्टी ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं—घर, पानी, स्वास्थ्य, आवास और स्वच्छ ऊर्जा से शुरू हुई विकास की यह कहानी आज करोड़ों भारतीयों की समृद्धि का आधार बन चुकी है। रामेश्वरम-पारादीप ग्रीनफील्ड कोस्टल हाइवे प्रोजेक्ट इसी सोच का सशक्त उदाहरण है। यह सिर्फ एक सड़क नहीं, विकास, सुरक्षा और प्रकृति के संतुलन का नया भारत मॉडल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस उपलब्धि पर अनेक देशों के राष्टाध्यक्षों ने उन्हें बधाई संदेश भेजे हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा ने सामाजिक समावेशन को सराहा

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने अपने लेख में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल का विश्लेषण करते हुए कहा कि वर्तमान केंद्रीय मंत्रिमंडल सामाजिक प्रतिनिधित्व के लिहाज से अधिक व्यापक और समावेशी है। मोदी मंत्रिमंडल में 27 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 10 अनुसूचित जाति (एससी) और 5 अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदायों के मंत्री शामिल हैं। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

चंद्रबाबू नायडू ने आर्थिक प्रगति और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को रेखांकित किया

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने लेख में कहा कि पिछले 12 वर्ष में भारत ने उल्लेखनीय आर्थिक प्रगति की है। देश विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई), जनधन योजना, सुरक्षा प्रणालियों और यूपीआई को वित्तीय समावेशन की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई और सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता बढ़ी।

Related Articles

नवीनतम लेख