39.3 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

रेंटोमोजो कंपनी के वेयरहाउस में लगी भयंकर आग, करोड़ों का सामान जलकर खाक

नोएडा । उत्तर प्रदेश के नोएडा (ग्रेटर नोएडा) शहर के थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित मशहूर रेंटोमोजो (Rentomojo) कंपनी के वेयरहाउस (गोदाम) में आज तड़के भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 4 घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।

आंधी-तूफान के कारण आग ने धारण किया विकराल रूप

थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना सामने आया है। यह गोदाम मोहन स्वरूप हॉस्पिटल के सामने, धूम मानिकपुर गांव के बिजली घर के पीछे स्थित है। जिस समय शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी, उस समय इलाके में तेज आंधी और तूफान चल रहा था। हवा की गति तेज होने के कारण आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे वेयरहाउस को अपनी चपेट में ले लिया और विकराल रूप धारण कर लिया।

अन्य फैक्ट्रियों में फैलने से रोका, 16 गाड़ियों ने बुझाई आग

मुख्य दमकल अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत आसपास के अन्य जनपदों के फायर ब्रिगेड विभागों से संपर्क कर अतिरिक्त फायर टेंडर मंगाए गए। कुल 16 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर चौतरफा मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को धूम मानिकपुर औद्योगिक क्षेत्र की अन्य फैक्ट्रियों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाकर कूलिंग (ठंडा करने) की प्रक्रिया जारी है।

करोड़ों के फर्नीचर और होम अप्लायंसेज जलकर स्वाहा

यह कंपनी लोगों को किराए (रेंट) पर फर्नीचर, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज जैसी सामग्रियां उपलब्ध कराती है। वेयरहाउस में डिलीवरी के लिए भारी मात्रा में नया और पुराना स्टॉक जमा करके रखा गया था। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है। घटना के वक्त वहां सिर्फ गार्ड मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फिलहाल दमकल विभाग और प्रशासन नुकसान के सटीक आकलन में जुटा है।

Related Articles

नवीनतम लेख