रायपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा छत्तीसगढ़ में विभिन्न गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज बुधवार को राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध काली माता मंदिर में एक विशेष हवन एवं महापूजा का आयोजन होने जा रहा है।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगी देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना
इस धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। हवन के दौरान देश की निरंतर समृद्धि, चौमुखी विकास और जनकल्याण के लिए विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष आहुतियां दी जाएंगी और प्रार्थनाएं की जाएंगी।
सुशासन और विकास के 12 वर्ष
भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, अंत्योदय और वैश्विक पटल पर भारत की प्रतिष्ठा के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सरकार की इन ऐतिहासिक उपलब्धियों के सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से ही इस महाहवन का आयोजन किया जा रहा है।
इस विशेष अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। रायपुर के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों और ब्लॉक स्तर पर भी सेवा, जनसंपर्क एवं जनजागरण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके तहत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
