रांची : हटिया स्टेशन दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष होने वाले दुर्गा पूजा 2025 की तैयारियाँ विधिवत शुरू हो चुकी हैं। पूजा पंडाल निर्माण हेतु भूमि पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन सम्पन्न हुआ तथा इस अवसर पर सभी ने माँ दुर्गा से आशीर्वाद प्राप्त किया। समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पूजा के सफल आयोजन का संकल्प लिया।
इस बार पंडाल का प्रारूप आकर्षण का केंद्र रहेगा। समिति ने बताया कि भव्य पंडाल, अलौकिक सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हटिया स्टेशन दुर्गा पूजा 2025 को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है, इससे पूर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन समिति द्वारा किया गया था। भूमि पूजन की तस्वीरों ने श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया है और पंडाल का मॉडल देखने के बाद स्थानीय लोग भव्य आयोजन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।


