31.2 C
Kolkata
Sunday, July 26, 2026

सोशल मीडिया पर एके-47 के साथ फर्जी वीडियो वायरल करने वाले दो गिरफ्तार

कटिहार । सोशल मीडिया पर झूठा रौब गांठने के लिए अत्याधुनिक हथियार एके-47 के साथ फर्जी तस्वीर और वीडियो वायरल करने के आरोप में कटिहार जिला पुलिस और एसटीएफ ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. इरफान और मो. मनोवर के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि वायरल तस्वीर में दिख रहा हथियार असली नहीं था, बल्कि इसे एआई तकनीक की मदद से बनाया गया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि कर्मा टोला का एक व्यक्ति अपने सहयोगी के साथ सोशल मीडिया पर अवैध हथियार (एके-47) के साथ तस्वीरें और वीडियो वायरल कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02) और एसटीएफ को मिलाकर एक विशेष छापेमारी टीम (एसआईइटी ) का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और खुफिया सूचनाओं के आधार पर ग्राम-कर्मा टोला में विधिवत छापेमारी की और दोनों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों में मो. इरफान (पिता- समरुद्दीन) और उसका सहयोगी मो. मनोवर (पिता- स्व. मो. रसूल) शामिल हैं। दोनों ग्राम- कर्मा टोला, पंचायत दक्षिणी सिमरिया टोला, थाना कोढ़ा (कोलासी कैंप), जिला कटिहार के निवासी हैं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने इंटरनेट पर वायरल होने के लिए अवैध हथियार के साथ एआई द्वारा जनरेटेड इमेज और वीडियो बनाने की साजिश रची थी।

इस मामले में पुलिस ने कोढ़ा (कोलासी कैंप) थाना कांड संख्या-180/26 के अंतर्गत आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी और डिजिटल तरीके से भी दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों पर साइबर और स्थानीय पुलिस की पैनी नजर है और उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख