31.3 C
Kolkata
Tuesday, June 9, 2026

गिरिडीह में पिता ने तीन बेटियों की धारदार हथियार से की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

गिरिडीह । गिरिडीह जिले में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पिता ने अपनी तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा गांव की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, तुरुकडीहा निवासी नंदू यादव उर्फ नंदकिशोर यादव ने सोमवार की अहले सुबह अपनी तीनों बेटियों पर हंसुआ से हमला कर दिया। इस हमले में 14 वर्षीय पल्लवी यादव और सात वर्षीय जुड़वां बहनें रिद्धि एवं सिद्धि की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतबाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय आरोपित की पत्नी राधा देवी और पुत्र पंटू यादव किसी तरह घर से निकलकर पड़ोसियों के यहां शरण लेने में सफल रहे। इससे उनकी जान बच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की मंशा से हमला करने वाला था, लेकिन पत्नी और पुत्र समय रहते भाग निकले।

ग्रामीणों के अनुसार, नंदू यादव रविवार रात शराब के नशे में घर लौटा था। इसके बाद घर में विवाद और तनाव का माहौल बना रहा। सोमवार सुबह जब घटना की जानकारी लोगों को मिली तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आरोपित का किसी महिला के साथ कथित अवैध संबंध था, जिसे लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कही है।

घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हंसुआ बरामद कर लिया है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। टीम ने रक्त के नमूने सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। जिस कमरे में घटना को अंजाम दिया गया, उसकी भी बारीकी से जांच की जा रही है ताकि वारदात के पूरे घटनाक्रम को समझा जा सके।

एसडीपीओ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित नंदू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी संभावित कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को कानून के अनुसार सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख