अरवल । बिहार के अरवल-पटना नहर रोड स्थित गांधी मैदान के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पटना के चार युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी, जिससे चार युवकों की डूबने से मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, पांच युवक कार से अरवल से पटना लौट रहे थे। गांधी मैदान के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार नहर में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। गोताखोरों और पुलिस की मदद से कार से चार शव निकाले गए।
तीन की पहचान, एक की शिनाख्त बाकी
अरवल डीएसपी कुमार संजय के अनुसार, मृतकों में पटना के बिहटा निवासी रिशांक और मनोज तथा कंकड़बाग निवासी अमन की पहचान हो चुकी है। चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में घायल चालक रोहित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
