पश्चिमी सिंहभूम । कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गंडकीदा गांव स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने बताया कि विद्यालय से फर्नीचर और अन्य सामग्री चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष जांच अभियान शुरू किया था। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार, गंडकीदा गांव के जंजरासाई टोला निवासी राम हेंब्रम (38) और रासिका हेंब्रम (31) ने पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई।
बरामद हुआ चोरी का सामान
पुलिस ने छापेमारी के दौरान विद्यालय से चोरी किए गए कई सामान बरामद किए हैं। इनमें नौ लोहे के बेड (प्लाई सहित), चार गद्दे और बजाज कंपनी के आठ पंखे शामिल हैं। सभी सामान जब्त कर लिया गया है और विद्यालय प्रबंधन को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने बताया कि मामले के त्वरित उद्भेदन में पुलिस टीम की सक्रियता और तकनीकी जांच की अहम भूमिका रही। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ रफायल मुर्मू के नेतृत्व में इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक मिलन कर्माली, सहायक अवर निरीक्षक सोमाय टुडू, सुनील कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
