नई दिल्ली । नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने नई दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ भवन में शनिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से मुलाकात की। खनाल ने इससे कुछ देर पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विदेश मामलों के विभाग के प्रमुख विजय चौथाईवाले से भी मुलाकात की थी।
नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास के अनुसार इन बैठकों में नेपाल और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। वार्ता के दौरान दोनों देशों के नागरिकों के बीच मौजूद ऐतिहासिक और घनिष्ठ जनस्तरीय संबंधों को और सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही भारत और नेपाल के राजनीतिक दलों के बीच संवाद और सहयोग बढ़ाने के मुद्दे पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
नेपाली दूतावास के मुताबिक विदेश मंत्री खनाल की शनिवार को अपने भारतीय समकक्ष डॉ. एस. जयशंकर के साथ औपचारिक बैठक निर्धारित है। दोनों नेताओं के बीच पहले द्विपक्षीय वार्ता और उसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक होगी। इन बैठकों में दोनों देशों के साझा हितों, आर्थिक सहयोग, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संपर्क नेटवर्क और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
विदेश मंत्री जयशंकर के निमंत्रण पर तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे खनाल ने उसी दिन शाम को इंडिया फाउंडेशन के एक कार्यक्रम में भी भाग लिया था।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले, नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने 01 से 05 जून तक भारत के दौरे पर आए थे। इस दौरान लामिछाने ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा विदेश मंत्री जयशंकर सहित कई प्रमुख नेताओं और अधिकारियों से मुलाकात की थी। अपनी यात्रा पूरी करने के बाद लामिछाने शुक्रवार को नेपाल लौट गए।
