27.4 C
Kolkata
Saturday, June 6, 2026

किशनगंज पुलिस ने मेनका मौत मामले का किया खुलासा, नदी में डूबने से हुई थी किशोरी की मौत

किशनगंज । सदर थाना क्षेत्र के शिवगंगा घाट, डुमरिया भट्टा स्थित नदी में 13 वर्षीय किशोरी मेनका कुमारी का शव मिलने के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि किशोरी की मौत नदी में डूबने से हुई थी और घटना के समय उसके साथ मौजूद दो मौसेरे भाइयों ने घरवालों के डर से सच्चाई छिपा ली थी।

शनिवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि 4 जून की शाम स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन जांच की गई और पुलिस पदाधिकारियों को शीघ्र उद्भेदन का निर्देश दिया गया। इसके बाद गोताखोरों की मदद से नदी की गहराई और तलाशी अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल टीम द्वारा भी घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच कराई गई। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि मेनका अपने दो मौसेरे भाइयों आयुष (10 वर्ष) और प्रिंस (15 वर्ष) के साथ नदी किनारे गई थी, लेकिन वापस केवल दोनों लड़के लौटे थे।

पुलिस ने दोनों से कई बार पूछताछ की। प्रारंभ में वे लगातार बयान बदलते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर परिजनों की मौजूदगी में की गई पूछताछ में उन्होंने पूरी घटना बताई। दोनों किशोरों ने बताया कि तीनों भाई-बहन नदी में स्नान करने गए थे। मेनका नदी किनारे बने बांध से बार-बार पानी में छलांग लगा रही थी। इसी दौरान वह अधिक गहराई वाले हिस्से में पहुंच गई और डूबने लगी। दोनों भाइयों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की अधिक गहराई के कारण सफल नहीं हो सके। घबराहट और परिजनों के डर से उन्होंने घर लौटकर यह झूठ बोल दिया कि मेनका शौच के लिए घर वापस चली गई है।

पुलिस के अनुसार दोनों किशोरों ने न्यायालय में भी स्वेच्छा से अपने बयान दर्ज कराए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। वहीं श्वासनली, फेफड़े और पेट में रेत एवं मिट्टी के कण मिलने से मृत्यु का कारण पानी में डूबना बताया गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख