33.1 C
Kolkata
Saturday, June 6, 2026

रेलवे पुल के नीचे से अज्ञात महिला का शव बरामद

हजारीबाग । पुलिस ने जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के सालगावां रेलवे पुल के नीचे से शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया है।

प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि महिला की मौत किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। सूचना मिलते ही कटकमदाग पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास है। हालांकि, शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।

रेल पटरी के पास शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन कोई भी महिला की पहचान नहीं कर सका।

पुलिस की शुरुआती जांच और पंचनामा के दौरान मृतका के गले में भगवान महादेव (शिव जी) की एक माला मिली है।

कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

उन्होंने कहा, फिलहाल अज्ञात शव की पहचान कराने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस इस बिंदु पर भी गहराई से जांच कर रही है कि यह महज एक दुर्घटना है या खुदकुशी का मामला। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख