अंडमान |अंडमान द्वीप के गहरे समुद्र में प्राकृतिक गैस का एक बड़ा भंडार मिला है। भारत सरकार की नवरत्न कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड ने इस प्राकृतिक गैस की मौजूदगी का पता लगाया है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आधिकारिक तौर पर इस महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक खोज की जानकारी देश के साथ साझा की है।
केंद्रीय मंत्री ने जताई खुशी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस सफलता पर बेहद उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि अंडमान सागर में ऊर्जा संभावनाओं का विशाल समुद्र अब और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि श्री विजयपुरम-3 में प्राकृतिक गैस की मौजूदगी की पुष्टि होना देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए बेहद उत्साहजनक है।
श्री विजयपुरम-3 कुएं में मिली सफलता
उल्लेखनीय है कि यह बड़ी सफलता ‘श्री विजयपुरम-3’ नामक खोजी कुएं में ड्रिलिंग के दौरान हासिल हुई है। यह कुएं अंडमान द्वीपसमूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित है। तकनीकी टीम द्वारा इस कुएं को समुद्र में 355 मीटर गहराई वाले बेहद चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में ड्रिल किया गया था।
परीक्षण के दौरान हुई गैस की पुष्टि
कंपनी के विशेषज्ञों ने इस अभियान के तहत 1900 मीटर से अधिक गहराई तक ईओसीन संरचना में सफलतापूर्वक ड्रिलिंग कार्य को अंजाम दिया। इस गहराई पर शुरुआती परीक्षण के दौरान लगातार गैस फ्लेयरिंग (गैस का जलना) देखी गई, जिससे इस क्षेत्र में प्राकृतिक गैस के विशाल भंडार की मौजूदगी की पूरी तरह से पुष्टि हो गई।
