28.2 C
Kolkata
Thursday, June 4, 2026

पंडरा मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस-व्यवसायी समन्वय बैठक, गश्ती बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी की मांग

रांची । झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की पहल पर थाना स्तर पर आयोजित पुलिस-व्यवसायी समन्वय समिति की बैठकों के क्रम में गुरुवार को पंडरा ओपी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंडरा थाना क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था तथा व्यापारिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में एएसपी कोतवाली निखिल राय, थाना प्रभारी विवेक कुमार तथा पंडरा यातायात थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार उपस्थित थे। व्यापारियों ने पंडरा कृषि मंडी में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि मंडी परिसर में शाम के समय अवैध महुआ शराब की बिक्री और जुआ संचालन के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।

रांची चैंबर पंडरा के अध्यक्ष संजय माहुरी ने कहा कि पुलिस की पूर्व कार्रवाई के बाद ऐसी गतिविधियां बंद हो गई थीं, लेकिन अब फिर से शुरू हो गई हैं। उन्होंने शाम छह बजे के बाद मंडी क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि लगातार गश्ती से ही स्थिति में सुधार संभव है।

चैंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने कृषि मंडी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि लगभग 64 एकड़ में फैली मंडी की कई जगहों पर बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त है। उन्होंने सुझाव दिया कि थाना प्रशासन कृषि विभाग को पत्र लिखकर इसकी मरम्मत सुनिश्चित कराए। इस पर एएसपी निखिल राय ने आश्वासन दिया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के माध्यम से कृषि विभाग को पत्र भेजा जाएगा। साथ ही मंडी परिसर में स्ट्रीट लाइट की कमी का मुद्दा भी उठाया गया।

व्यापारियों ने बताया कि मंडी में वर्तमान में 12 सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। यदि पुलिस और सुरक्षा गार्डों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए तो सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी हो सकती है। बैठक में मंडी के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की मांग भी की गई।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने मुख्य सड़क से मंडी प्रवेश द्वार तक वाहनों की तेज गति और बढ़ते यातायात दबाव के कारण दुर्घटना की आशंका जताई। उन्होंने वहां ट्रैफिक सिग्नल या यातायात कर्मियों की तैनाती की मांग की। टर्निंग प्वाइंट पर दिनभर लगने वाले जाम का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

एएसपी कोतवाली ने व्यापारियों से थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों की जानकारी मांगी और कहा कि ऐसे स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल के आग्रह पर एएसपी ने प्रत्येक माह थाना क्षेत्र के व्यापारियों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस और व्यापारियों के बीच त्वरित संवाद एवं समन्वय के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने पर भी सहमति बनी।

लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने शाम के समय नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की। आलू-प्याज विक्रेता संघ के सचिव रोहित कुमार ने मनातू चौक से रवि स्टील चौक तक गश्ती बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार क्षेत्र में शाम के समय सन्नाटा रहने से सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी रहती हैं।

बैठक के बाद एएसपी निखिल राय ने अपनी टीम और चैंबर पदाधिकारियों के साथ कृषि मंडी परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान संवेदनशील और संदिग्ध स्थलों का जायजा लिया गया तथा दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई।

बैठक में चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, मुकेश अग्रवाल, प्रमोद सारस्वत, शशांक भरद्वाज, किशन अग्रवाल, मदन साहू, संजय माहुरी, रोहित कुमार, कौशिक बदनी, राहुल कुमार, बालमुकुंद कुमार, रामलखन साहू, कृष्णा कुमार, अनिल शर्मा, पंकज साबू, रवि साहू, विजय कुमार, लखन प्रसाद, गणेश अग्रवाल, ब्रजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख