28.2 C
Kolkata
Thursday, June 4, 2026

बस परमिट नवीनीकरण शुरू करने और किराया बढ़ाने की मांग, चैंबर की बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित

रांची । फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बस परिवहन उप समिति की बैठक गुरुवार को चैंबर भवन में उप समिति के चेयरमैन महेश कुमार लाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के बस संचालकों की समस्याओं और परिवहन व्यवसाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और लोहरदगा बस ओनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में सबसे पहले राज्य परिवहन प्राधिकार द्वारा पिछले लगभग 18 महीनों से बस परमिट के नवीनीकरण और प्रतिस्थापन की प्रक्रिया बंद रहने पर चिंता जताई गई। बस संचालकों ने सर्वसम्मति से मांग की कि इस प्रक्रिया को तत्काल संचिका के माध्यम से पुनः शुरू किया जाए, ताकि परिवहन व्यवसायियों को राहत मिल सके। सदस्यों ने कहा कि पूर्व में यह व्यवस्था नियमित रूप से संचालित होती रही है।

बैठक में कॉन्ट्रैक्ट परमिट की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने की मांग भी उठाई गई। सदस्यों ने सुझाव दिया कि परिवहन विभाग चार दिन से लेकर 28 दिन तक की अवधि के कॉन्ट्रैक्ट परमिट ऑनलाइन जारी करने की व्यवस्था करे। उन्होंने बताया कि कई अन्य राज्यों में यह सुविधा पहले से उपलब्ध है, जिससे समय और संसाधनों की बचत होती है।

अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के परमिट पर तत्काल किए जा रहे प्रतिहस्ताक्षर की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए। बस संचालकों ने मांग की कि इस विषय को राज्य परिवहन प्राधिकार की बैठक में रखा जाए और स्थानीय परिवहन व्यवसायियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाए।

बैठक में बस संचालन की बढ़ती लागत पर भी गंभीर चर्चा हुई। सदस्यों ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में डीजल, यूरिया, टायर, बस बॉडी, चेसिस, टोल टैक्स, बस स्टैंड शुल्क, वाहन रखरखाव, मोटर पार्ट्स और अन्य आवश्यक सामग्रियों की कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। इसके विपरीत वर्तमान बस किराया वर्ष 2021 में निर्धारित किया गया था, जिसके कारण परिवहन व्यवसाय आर्थिक दबाव में आ गया है।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए बैठक में बस किराए में बढ़ोतरी का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रस्ताव के अनुसार शहरी क्षेत्रों में बस किराए में 18 प्रतिशत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 12 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि किए जाने की मांग की गई है।

बैठक में चैंबर के उपाध्यक्ष राम बांगड़, पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार बुधिया, किशोर मंत्री, राजेन्द्र अग्रवाल, अब्दुल कादिर, सलमान अंसारी, प्रवीण अग्रवाल, अशफाक आजम, निर्मल गोयल, शिव सोनी, राजेश भगत, फैयाज अहमद, नेजार अंसारी, बसंत प्रसाद, अनुनय मंत्री, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में बस संचालक और समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख