गांधीनगर| गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में आयोजित चौथी राष्ट्रीय आर्मरेसलिंग एवं पैरा-आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप में केरल के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया है। केरल ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार सर्वाधिक पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।
चार दिनों तक चली इस भव्य प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए 1,800 से अधिक एथलीटों ने अपना दमखम दिखाया। खिलाड़ियों की रिकॉर्ड संख्या के साथ यह भारत के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी आर्मरेसलिंग प्रतियोगिताओं में से एक बनकर उभरी है। इस बड़े टूर्नामेंट का आयोजन पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन इंडिया (पीएएफआई) के तत्वावधान में आर्मरेसलिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन गुजरात के अध्यक्ष राजेंद्रसिंह परमार और कोषाध्यक्ष मयंक पटेल की देखरेख में किया गया।
इस पूरी प्रतियोगिता में दिल्ली के युवराज वर्मा सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे। उन्होंने सीनियर पुरुष वर्ग में बेहद प्रतिष्ठित ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’ का खिताब अपने नाम किया। युवराज ने पहले दाएं और बाएं दोनों हाथों से 110 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार दोहरा प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग भार वर्गों के चैंपियन खिलाड़ियों, जैसे 90 किलो के विजेता डेनिक लालरुआत्तलुआंगा और 85 किलो के विजेता वेथोजो लोहे को शिकस्त दी। अंत में उन्होंने 100 किलोग्राम वर्ग के चैंपियन आभास राणा को हराकर इस महामुकाबले को जीता।
वहीं, महिला वर्ग में मधुरा हसन ने अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए फाइनल मुकाबले में मिजोरम की मजबूत दावेदार के. लालहरियातपुई को धूल चटाई और महिला वर्ग की ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’ बनीं।
इस बार टूर्नामेंट में कुछ ऐसे उलटफेर भी देखने को मिले जिसने फैंस को हैरान कर दिया। सबसे बड़ा उलटफेर 100 किलोग्राम वर्ग में हुआ, जहां महज 18 साल के युवा खिलाड़ी आभास राणा ने आर्मरेसलिंग की दुनिया में लंबे समय से अजेय चल रहे दिग्गज मजाहिर सईदू को हराकर स्वर्ण पदक जीता और नया इतिहास रच दिया। इसी तरह महिला वर्ग में केरल की जोश्या जे ने शानदार खेल दिखाते हुए भारत की बेहद अनुभवी और दिग्गज आर्मरेसलर योगेश चौधरी और निर्मल देवी को हराकर सोने का तमगा अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के सफल समापन पर पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन इंडिया की अध्यक्ष व एशियन आर्मरेसलिंग फेडरेशन की उपाध्यक्ष प्रीति झंगियानी ने कहा कि इस चैंपियनशिप ने देश में आर्मरेसलिंग की उभरती हुई नई प्रतिभाओं और बढ़ते रोमांच को दुनिया के सामने पेश किया है। वहीं, ‘प्रो पंजा लीग’ के सह-संस्थापक और अभिनेता परवीन डबास ने भी खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे मंच भविष्य के अंतरराष्ट्रीय स्तर के सितारे तैयार करते हैं और इस बार खेल का स्तर वाकई लाजवाब था।
