30 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

सीबीएसई में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: ओएसएम विवाद के बीच अध्यक्ष और सचिव का तबादला, उच्च स्तरीय जांच समिति गठित

नई दिल्ली | केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) में मंगलवार को एक बहुत बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बोर्ड के अध्यक्ष राहुल सिंह और सचिव का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। यह बड़ी कार्रवाई बोर्ड द्वारा ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सेवाओं की खरीद प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और तकनीकी खामियों के सामने आने के बाद की गई है।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, परीक्षा व्यवस्था की शुचिता और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने मामले की विस्तृत जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है। यह समिति पूरी खरीद प्रक्रिया की गहराई से जांच कर जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इसे बोर्ड के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्यवाहियों में से एक माना जा रहा है।

री-इवैल्यूएशन पोर्टल की शुरुआत, 6 जून तक खुलेगा लिंक
इस प्रशासनिक उथल-पुथल के बीच, सीबीएसई ने छात्रों की सहूलियत के लिए ऑनलाइन री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) और उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन प्रतियों के सत्यापन के लिए आधिकारिक पोर्टल शुरू कर दिया है। यह सुविधा केवल उन छात्रों के लिए है जिन्होंने अपनी स्कैन की हुई उत्तर पुस्तिकाएं पहले ही प्राप्त कर ली हैं। छात्र 2 जून 2026 से 6 जून 2026 (आधी रात तक) बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आधार नंबर के जरिए लॉगिन कर आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी ऑफलाइन आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

इन दिक्कतों के लिए कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्र उत्तर पुस्तिका से पन्ने गायब होने, अतिरिक्त उत्तर पुस्तिका (सप्लीमेंट्री कॉपी) न मिलने, मानचित्र (मैप) या ग्राफ के गायब होने, उत्तर पुस्तिका के पन्ने धुंधले होने या फिर गलत प्रश्नपत्र सेट या गलत उत्तर पुस्तिका के आधार पर मूल्यांकन होने जैसी समस्याओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन शुल्क और भुगतान का नियम
पूरी आवेदन प्रक्रिया और शुल्क का भुगतान केवल डिजिटल माध्यम से ही किया जा सकेगा, जिसके लिए छात्र यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग का उपयोग कर सकते हैं। उत्तर पुस्तिका की स्कैन प्रति में समस्याओं के सत्यापन के लिए ₹100 प्रति उत्तर पुस्तिका का शुल्क तय किया गया है, जबकि उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) के लिए छात्रों को ₹25 प्रति प्रश्न की दर से भुगतान करना होगा।

विशेष सावधानी: बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम रूप से आवेदन सबमिट करने से पहले अपने सभी विषयों के अनुरोधों को एक साथ जोड़ लें। एक बार ‘फ्रीज एंड प्रोसीड टू पेमेंट’ बटन दबाने के बाद आवेदन लॉक हो जाएगा और उसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा। छात्र एक या अधिक विषयों के लिए केवल एक ही बार आवेदन कर सकते हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख