31 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

77 हजार रुपये रिश्वत लेते एसबीआई शाखा प्रबंधक सीबीआई के हत्थे चढ़ा

गोड्डा | केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने झारखंड के गोड्डा जिले के डुमरिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा के प्रबंधक रोहित कुमार सिंह को 77 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद बैंकिंग क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

सीबीआई के अनुसार, मामले में 31 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी दिवंगत मां से संबंधित प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये के बीमा दावे के भुगतान के बदले शाखा प्रबंधक ने 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि मृतक खाताधारक के बैंक खाते को शिकायतकर्ता के नाम स्थानांतरित किए जाने के बाद खाते से 35 हजार रुपये की निकासी पर लगी रोक हटाने के लिए अतिरिक्त 17 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई थी। इस तरह कुल 77 हजार रुपये की अवैध मांग की गई थी।

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने आरोपों का सत्यापन किया और पुष्टि होने पर जाल बिछाकर कार्रवाई की। तय योजना के तहत एजेंसी की टीम ने आरोपित शाखा प्रबंधक को शिकायतकर्ता से 77 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपित के कार्यालय और आवासीय परिसरों में तलाशी अभियान भी चलाया। जांच एजेंसी मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपित किसी बड़े भ्रष्टाचार नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं था।

सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एजेंसी के अनुसार गिरफ्तार शाखा प्रबंधक को धनबाद स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख